logo

JSSC-CGL : सीएम हेमंत सोरेन ने 1910 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र, मंईयां सम्मान योजना के बारे में कही ये बात 

CM1114.jpg

रांची 
रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज JSSC-CGL के तहत चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हमेशा से युवाओं को नौकरी और रोजगार देना रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद आज हजारों परिवारों के सपनों को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पाने वाली महिलाओं से मंईयां सम्मान योजना को लेकर अहम अपील की। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को अब सरकारी नौकरी मिल गई है, उन्हें स्वेच्छा से इस योजना का त्याग कर देना चाहिए, ताकि इसका लाभ उन महिलाओं तक पहुंच सके, जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है। इससे योजना का उद्देश्य और प्रभाव दोनों मजबूत होंगे।


सीएम हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया और युवाओं को नौकरी देने के रास्ते में बार-बार बाधाएं खड़ी की गईं, लेकिन सरकार अपने संकल्प से पीछे नहीं हटी। कानूनी, तकनीकी और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद सरकार ने यह साबित किया कि अगर नीयत साफ हो, तो वर्षों से लंबित भर्तियां भी पूरी की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में कई बार भर्तियां अटकीं, जिससे युवाओं में निराशा फैली, लेकिन आज नियुक्ति पत्र मिलने से न सिर्फ रोजगार मिला है, बल्कि सिस्टम पर टूटा भरोसा भी दोबारा जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने इसे केवल भर्ती प्रक्रिया नहीं, बल्कि विश्वास बहाली की प्रक्रिया बताया।
नए साल से ठीक पहले मिली यह नियुक्ति चयनित अभ्यर्थियों के लिए सबसे बड़ा उपहार मानी जा रही है। मजदूर, किसान और सामान्य परिवारों से आने वाले युवाओं के लिए यह नौकरी सम्मान, स्थिरता और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक बनकर सामने आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आगे भी युवाओं के हित में फैसले लेती रहेगी।


 

Tags - HemantSoren Appointment JSSC Employment Scheme