द फॉलोअप, रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बेंगलुरु से रांची लौट आए हैं। दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को मनाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को नेमरा के लिए रवाना होंगे। उनके साथ पूरा परिवार भी नेमरा जाएगा।
14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का होगा अनावरण
नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मनाई जाएगी। कार्यक्रम को लेकर नेमरा के लुकैयाटांड़ गांव में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धांजलि सभा के लिए करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पुत्र के रूप में अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
