रांची
आईएएस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर हुए तबादले और पदस्थापन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के फैसले को पलट दिया है। पिछले दिनों स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री की हैसियत से इरफान अंसारी ने शशि प्रकाश झा से झारखंड मेडिकल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के एमडी का अतिरिक्त प्रभार छीन लिया था। इसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के ही अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज को दी गई थी। हालांकि उस समय भी यह सवाल खड़ा हुआ था कि विभागीय मंत्री के तौर पर यह निर्णय कैसे लिया गया। लेकिन आज कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में शशि प्रकाश झा को फिर से झारखंड मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के एमडी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया। इतना ही नहीं विद्यानंद शर्मा पंकज को स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव के पद से हटाते हुए कृषि विभाग के निदेशक पद पर भेज दिया गया है।
