द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुमका जिले के पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह में तिरंगा फहराया और राज्य की जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया। जिसमें स्व. पतरू राय की पत्नी परवतिया देवी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न दलों और संस्थाओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। एनसीसी बालिका +2 दुमका को प्रथम पुरस्कार, आईआरबी-01 जामताड़ा महिला प्लाटून को द्वितीय पुरस्कार और गृह रक्षा वाहिनी दुमका को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक बसंत सोरेन, विधायक आलोक कुमार सोरेन, विधायक डॉ. लुईस मरांडी, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, संताल परगना के आयुक्त लालचंद दादेल, आईजी क्रांति कुमार, डीआईजी अंबर लकड़ा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस के मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। सीएम ने रानी सोरेन, स्वाती राज, राजू बांद्रा, मेघा बेसरा, पवन कुमार मिश्रा, बासुकीनाथ चतुर्वेदी, अर्पिता प्रसाद और बसंती हेंब्रम को प्रशस्ति पत्र दिए। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह राज्य के विकास और सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बना।