logo

गड्ढे में तब्दील हुआ पांकी रोड हादसों को दे रहा दावत, कुंभकर्णी नींद सोया है प्रशासन

a2919.jpg

मेदिनीनगर:

पलामू प्रमंडल के प्रमुख शहर मेदिनीनगर की जीवनरेखा मानी जाने वाली पांकी रोड की जर्जर हालत को लेकर अब स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। झामुमो नेता सन्नी शुक्ला और क्षेत्र के अन्य नागरिकों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। पांकी रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां से रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं। इसी मार्ग पर जी. एल. ए कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आधा दर्जन से अधिक अस्पताल और कई विद्यालय स्थित हैं, जिससे इस सड़क का महत्व और भी बढ़ जाता है। बावजूद इसके, सड़क की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। 

चरकी भट्ठा क्षेत्र में सड़क पर पड़े गड्ढे
गौरतलब है कि चरकी भट्ठा क्षेत्र में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि स्थानीय लोगों को मजबूरी में इन गड्ढों में मिट्टी डाल, पत्थर रख कर अस्थाई व्यवस्था करनी पड़ रही है, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। इसके बावजूद आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जाएगा। लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर गहरी नाराजगी है। सबों ने एक स्वर में कहा अगर 2 दिन में गड्ढे नहीं भरे गए तो पांकी रोड जाम किया जाएगा।  व्यंग्यात्मक लहजे में स्थानीय नागरिकों ने कहा, “एंजॉय कीजिए, आप पलामू प्रमंडल के सबसे बड़े शहर के निगमवासी हैं, जहां गड्ढे ही निगम की पहचान बन गए हैं।” 

कब तक समस्या को नजरअंदाज करेगा प्रशासन
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कब तक नजरअंदाज करता है और कब तक आम जनता को राहत मिल पाती है। विरोध दर्ज करने वाले स्थानीय निवासी जितेंद्र पांडेय, संकट मोचन, उमेश अग्रवाल, सुमित पांडेय, बमबम शुक्ला सैयद फैजल, रंजीत कुमार, शिवाजी सिंह, अमित सिंह, राहुल साहू सहित कई अन्य उपस्थित थे।

 

सीएम हेमंत ने संज्ञान लेकर डीसी को दिया निर्देश
स्थानीय झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने सड़क की तस्वीरों के साथ ट्वीट करते हुए लिखा था कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की नजर इस समस्या पर नहीं पड़ेगी।  पांकी रोड (मेदिनीनगर) में बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जहां स्थानी लोगों ने मजबूरी में पत्थर रख दिया है। यहां लगातार लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं,  लेकिन सुध  लेने वाला कोई नहीं है। सीएम ने ट्वीट पर संज्ञान लेते हुए कहा कि पलामू डीसी तत्काल संज्ञान लें और ऐसे सभी मुद्दों पर नजर बनाए रखें ताकि  आमजनों को तकलीफ ना हो।  

Tags - PalamuPanki RoadMedininagarPalamu DC