logo

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलने पर बोले सीएम हेमंत- वह सदैव भारत रत्न रहेंगे...

A1371.jpg

रांची:

दिशोम गुरुजी के नाम से विख्यात झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को आज मरणोपरांत देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। गुरुजी को यह पुरस्कार मरणोपरांत दिया गया है। उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया। गुरुजी के बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर पिता के नाम एक भावुक नोट शेयर किया है। सीएम हेमंत ने इसे उनके पिता शिबू सोरेन के आजीवन संघर्ष, त्याग, जनसेवा और सामाजिकन्याय के प्रति समर्पण को दिया गया सम्मान बताते हुए कहा कि बाबा के संघर्ष में साथी, मां ने यह सम्मान ग्रहण किया।  

 

व्यक्ति नहीं बल्कि संघर्षों का सम्मान
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि उन संघर्षों, मूल्यों और सपनों का भी सम्मान है, जिनके लिए विराट रूपी दिशोम गुरुजी जीवनभर अडिग होकर खड़े रहे। सीएम हेमंत ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। सीएम हेमंत ने लिखा कि जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय और झारखंड के हक-अधिकारों के लिए दिशोम गुरुजी का नेतृत्व ऐतिहासिक, अद्वितीय और अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचितों, शोषितों, आदिवासियों और मेहनतकश समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित किया है।

 

पुरस्कार का महत्व देने की भावना में निहित
मुख्यमंत्री ने लिखा कि जहां एक ओर दिशोम गुरुजी झारखंड अलग राज्य के निर्णाण के संघर्ष के साथ-साथ अखिल भारत के राज्यों के आदिवासी, दलित, शोषित और  पीड़ित के संघर्ष के प्रेरणास्त्रोत बने, वहीं दूसरी ओर वे सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण, शिक्षा की अलख जगाने और समाज को संगठित करने के कार्य में भी सदैव नेतृत्वकर्ता बने।  उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि पुरस्कार या सम्मान का महत्व उस भावना में होता है, जिसके साथ वह दिया जाता है। 

सीएम हेमंत ने गुरुजी को बताया भारत रत्न
सीएम हेमंत ने लिखा कि बाबा को किसी ने  महाजनी व्यवस्था के खिलाफ लड़ने वाला योद्धा कहा तो किसी ने आदिवासियों और गरीबों के अधिकारों का प्रहरी, लेकिन हमारे लिए वह ऐसे जननायक थे, जिन्होंने सत्ता से अधिक जनता के दिलों में अपनी जगह बनाई। उन्होंने लिखा कि आज देश ने पद्म भूषण सम्मान से दिशोम गुरुजी के महान योगदान को नमन किया है, किंतु झारखंड सहित देशभर के करोड़ों लोगों के ह्रदय में बाबा को जो स्थान प्राप्त है, वह सदैव सर्वोच्च रहा है। हमारे लिए वह भारत रत्न थे और सदैव रहेंगे।  


 

Tags - Shibu SorenHemant SorenPadma BhushanRupi SorenPresident