रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार (2 जून) को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में एएनएम और जीएनएम की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मानव संसाधन की कमी की वजह से मरीजों का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सोच है कि हम सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा आम लोगों तक पहुंचाएं।

डॉक्टरों-नर्सिंग स्टाफ की नियमित उपस्थिति जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। सीएम ने कहा कि मरीजों को समय पर इलाज मिले और अस्पतालों में स्वच्छता समेत सभी जरूरी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर बल दिया जाना चाहिए। सीएम हेमंत ने खासतौर पर आपातकालीन सेवाओं को लेकर गंभीरता दिखाई। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं, उच्च कोटि की दवाओं की उपलब्धता और जांच सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि आमलोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।

मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाना जरूरी
विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कोडरमा, बोकारो, चाईबासा, जमशेदपुर, दुमका और हजारीबाग में निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाकर जल्दी पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी की वजह से मरीज का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में पैरालाइसिस अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों के लिए मेडिकल कॉलेजों में अच्छी व्यवस्था हो।