द फॉलोअप डेस्क, रांची
CM News Nemra: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म को लेकर अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं। एक ओर यहां मुख्यमंत्री की दिवंगत माता को श्रद्धसुमन अर्पित करने वालों का तांता लगा हुआ है। वहीं दूसरी ओर अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर भी बड़ी संख्या में नेमरा पहुंच रहे हैं। लोगों ने आज भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं रखी और निदान का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से सभी लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए उनके द्वारा दिये आवेदन को स्वीकार किया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को समस्या निदान का निर्देश दिया। इसके तहत मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के पुत्र अनूप बेसरा के कान का इलाज हेतू 10 लाख रूपये का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने करीब छह वर्षीय अनूप बेसरा को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना अंतर्गत चिकित्सा अनुदान के तहत 48 घंटे के अंदर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण करवाते हुए 10 लाख रूपये का चेक प्रदान किया।

विदित हो कि पिछले दिनों नेमरा में ही अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपने बेटे के कान की इलाज के लिए अत्यधिक राशि खर्च होने के कारण सहयोग का अनुरोध किया था। उनके पुत्र का इलाज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लौर में चल रहा है। चिकित्सकों ने उसके सुनने के अंग (इंटरनल इयर) को बदलने की सलाह दी है, जिसमें अत्यधिक राशि खर्च होने की बात सामने आई है। इसके बाद रामकिशुन ने नेमरा पहुंचकर अपनी समस्या मुख्यमंत्री को बताई थी। मुख्यमंत्री ने इसे संज्ञान में लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया था। इसपर रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा तत्परता के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण की गई और 48 घंटे के भीतर ही अनूप बेसरा को नेमरा में ही आज 10 लाख का चेक प्रदान कर दिया गया।अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने बताया कि आर्थिक मदद मिलने से अब उन्हें अपने पुत्र के इलाज में काफी सहयोग मिलेगी।
.jpeg)