द फॉलोअप डेस्क
रांची जिला स्थित बुढ़मू थाना क्षेत्र के नाऊज गांव में करंट लगने से एक 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा नाऊज गांव ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिंदू बसाईर के सामने हुआ। मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के पुत्र सोनू लोहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। दरअसल, यह घटना तब हुई जब सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान वह पेड़ से सटे 11 हजार वोल्ट के बिजली की तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह पेड़ पर ही अचेत हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे के दौरान बिजली की तार टूट गया, जिससे पेड़ के नीचे आग भी सूखी झाड़ियों में आग लग गई।

आसपास के लोगों जब देखा तो तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग को सूचना दी और सप्लाई बंद करवाई। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
.jpeg)
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के किनारे इस तरह खुले में 11 हजार वोल्ट का तार रहना बेहद खतरनाक है। लोगों ने कहा कि इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सोनू की मां बेटे का शव देखकर बदहवास होकर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने पानी का छिड़काव कर उन्हें होश में लाया। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।