द फॉलोअप डेस्क
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान की अध्यक्षता में रविवार को सिविल सर्जन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल और सीएचसी सदर प्रखंड से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए समग्र सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई कर्मियों के लिए रोस्टर तैयार करने और उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रत्येक सफाई कर्मी को निर्धारित क्षेत्र (डेडिकेटेड एरिया) आवंटित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
सिविल सर्जन ने भुगतान से संबंधित सभी मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी भुगतान नियमानुसार और समय पर किए जाएँ। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सेवाएँ प्रदान करें। बैठक में सीएचसी सदर प्रखंड से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। सिविल सर्जन ने कहा कि टीकाकरण (RI) की उपलब्धि बढ़ाना प्राथमिकता है। जहाँ एएनएम की संख्या कम है या अनुपस्थित हैं, वहाँ अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से अतिरिक्त एएनएम की अस्थायी पदस्थापना कर टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ब्लॉक स्तर से नियमित मॉनिटरिंग को भी आवश्यक बताया।
सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सीएचसी सदर में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए हर स्तर पर समर्पित भाव से कार्य किया जाए, ताकि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊँचाई पर ले जाया जा सके। बैठक में सदर अस्पताल प्रबंधक अमन पांडे, क्लर्क मुकेश बाबू, परवीन सक्सेना, सीएचसी सदर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महमूद आलम, बीपीएमयू टीम, जिला से डीपीएम, डीडीएम, डीपीसी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
