logo

जामताड़ा में अवैध वसूली का आरोप, नगर पंचायत अध्यक्ष के पति के खिलाफ DC से शिकायत 

jam_dc_meet2.jpg

जामताड़ा 
जामताड़ा शहर के सार्वजनिक स्थलों पर नियमों को ताक पर रखकर बंदोबस्ती करने और दुकानदारों से अवैध वसूली किए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में जामताड़ा शहर के जागरूक नागरिकों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के पति तरुण कुमार गुप्ता और उनके कुछ करीबी सहयोगियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों ने सामूहिक रूप से जिला उपायुक्त (DC) से मुलाकात कर उन्हें एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आम नागरिकों ने आरोप लगाया है कि जामताड़ा बस स्टैंड और टेंपो-ट्रैकर स्टैंड की बंदोबस्ती पूरी तरह से नियमों के विपरीत और गलत तरीके से की गई है। इसके अलावा, शहर की प्रमुख हटियाओं जैसे बकरा-बकरी हटिया, पुराना हटिया, बस स्टैंड क्षेत्र और गांधी मैदान के समीप लगने वाले बाजारों के गरीब दुकानदारों से जबरन अवैध वसूली की जा रही है।

न्यायसंगत व्यवस्था बहाल करने की अपील

शहरवासियों ने उपायुक्त से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। इस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन अवैध गतिविधियों के कारण छोटे व्यापारियों, फुटपाथ दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी आर्थिक मानसिक और वित्तीय प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से जनहित में तुरंत हस्तक्षेप करने और नगर क्षेत्र में एक पारदर्शी व न्यायसंगत व्यवस्था बहाल करने की पुरजोर अपील की गई है। इस मौके पर मुख्य रूप से गौर बाउरी, चांद मोहन दत्ता, पप्पू चौधरी सहित भारी संख्या में शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Tags - Illegal Collection Jamtara Nagar Panchayat DC Jamtara Citizens Protest Administrative Action Demand