द फॉलोअप डेस्क:
डुमरी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर गिरिडीह और चंदनक्यारी के अंचलाधिकारी का ट्रांसफर कर दिया गया है। इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार चंदनकियारी अंचलाधिकारी रामा रविदास अगले आदेश तक राजनगर, जिला- सरायकेला-खरसावा के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं गिरिडीह सदर के अंचलधिकारी रवि भूषण प्रसाद को अगले आदेश तक अंचल अधिकारी, चाकुलिया, जिला- पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है। बता दें कि डुमरी में चुनाव के मद्देनजर तीन साल से जमे पदाधिकारी का स्थानांतरण किया जा रहा है। यह ट्रांसफर मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग की अनुशंसा पर झारखंड सरकार राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा किया गया है।

3 साल से जमे पदाधिकारियों को ट्रांसफर करने की थी मांग
राज्यपाल के आदेश पर सरकार के उपसचिव रामेश्वर लेयांगी ने अधिसूचना भी जारी किया गया है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग ने दो पत्र 9 अगस्त और 15 अगस्त को लिखा था। पत्र में डुमरी विधानसभा उपचुनाव, 2023 के तहत 03 वर्ष या उससे अधिक वर्ष तक एक जगह पर पदस्थापित पदाधिकारियों की आदर्श आचार संहिता के अध्याय-20 की कंडिका- 20.9 के अनुरूप ट्रांसफर करने के लिए अनुरोध किया गया था।
