द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली और 14वीं JPSC परीक्षा मामले में कोचिंग संस्थान के संचालक समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीआईडी ने ये कार्रवाई की है। JPSC प्रतियोगिता परीक्षा में कथित धांधली के आरोप में सीआईडी ने संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। संजीत कुमार शिवांगन कोचिंग संस्थान का संचालक है। संजीत को रांची के रातू रोड स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक संजीत कुमार पूरे प्रकरण में एजेंट की भूमिका में था। JSSC-CGL परीक्षा से जुड़ी अनियमितता मामले में सीआईडी ने दिलीप पासवान नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। दिलीप की गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान से हुई है।
मूलरूप से जमुई के रहने वाले दिलीप कुमार पासवान को, शिवांगन कोचिंग संस्थान के संचालक संजीत कुमार के साथ न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

दिलीप ने JSSC-CGL अभ्यर्थियों को पहुंचाया अनुचित लाभ
सीआईडी ने जानकारी दी है कि JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में अप्राथमिक अभियुक्त 41 वर्षीय दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया है। दिलीप कुमार की गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान जिला स्थित नवकाडिया थानाक्षेत्र से पकड़ा गया। दिलीप कुमार पासवान मूलरूप से बिहार के जमुई जिला अंतर्गत खैरा थानाक्षेत्र के नवकाडीह का रहने वाला है। दिलीप कुमार पासवान पर आरोप है कि उसने JSSC-CGL के कई अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया था। हालांकि, सीआईडी ने अभी स्पष्ट नहीं किया है कि दिलीप कुमार पासवान ने किस तरह से अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाया था।

संजीत कुमार ने JSPC परीक्षा में एजेंट की भूमिका निभाई थी
इस बीच जांच एजेंसी ने जानकारी दी है कि JPSC प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 में अप्राथमिकी अभियुक्त 38 वर्षीय संजीत कुमार को रांची के सुखदेवनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत रातू रोड स्थित शिव भवन कमलाकंत रोड स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। संजीत कुमार रांची में शिवांगन कोचिंग का संचालक है और JPSC की प्रतियोगिता परीक्षा में एजेंट की भूमिका निभा रहा था। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।