द फॉलोअप डेस्क
ऊपर तस्वीर में दिख रहा यह युवक अभी कुछ दिन पहले तक पूरे एटीट्यूड में सोशल मीडिया पर रील बनाकर फेमस होना चाहता था। लेकिन अब देखिए, वही हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है। इसका नाम साहिल है। सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने के लिए इसने रांची के चुटिया थाना परिसर के अंदर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही कार्रवाई हुई। थाने में रील बनाना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न सिर्फ माफी मंगवाई, बल्कि थाने परिसर में उसकी परेड भी कराई।

परेड भी कराई गई साहिल को
बताया जाता है कि बीते दिनों साहिल ने सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के उद्देश्य से चुटिया थाना परिसर के अंदर रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद उसे अपनी गलती का एहसास कराने के लिए थाने परिसर में परेड कराई गई। युवक ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि उसने लाइक और फॉलोअर्स के लालच में यह गलती की थी और भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा। बाद में पुलिस ने चेतावनी देते हुए उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया और लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए कानून और सार्वजनिक संस्थानों की गरिमा से खिलवाड़ न करें।
