logo

चिराग पासवान ने अमित शाह से की मुलाकात, कहा-NDA की होगी ऐतिहासिक जीत, महागठबंधन को करार दिया लठबंधन

ds5be35y.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल चरम पर है। इस सिलसिले में आज लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पटना के एक होटल में मुलाकात की। यह मुलाकात एनडीए गठबंधन की चुनावी रणनीति को और मजबूत करने के उद्देश्य से हुई।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा, "एनडीए की ताकत यह है कि सभी सहयोगी दल मिलकर काम करते हैं और एक-दूसरे का साथ देते हैं। बिहार चुनाव में एनडीए ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहा है।" उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले एक साल में 11 बार बिहार का दौरा किया, जिससे एनडीए के प्रचार अभियान को मजबूती मिली है।
चिराग पासवान ने कहा कि बैठक में आगामी चुनाव प्रचार की रूपरेखा और सीटवार रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि एनडीए ने अपने सभी पांच सहयोगी दलों का सम्मान किया है और सभी 243 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय हो चुके हैं। वहीं महागठबंधन में अब भी भ्रम और टकराव की स्थिति बनी हुई है।

महागठबंधन को "लठबंधन" करार देते हुए चिराग ने कहा, "यह गठबंधन अपने ही प्रत्याशियों के खिलाफ उम्मीदवार उतार रहा है। ऐसे में लोग इसे कैसे स्वीकार करेंगे? तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री चेहरे पर उनके अपने साथी भी असहमत हैं। इस आंतरिक झगड़े वाले गठबंधन से बिहार का विकास नहीं हो सकता।"
चिराग ने आगे कहा कि एनडीए में सीटों और प्रत्याशियों को लेकर कोई असमंजस नहीं है, सभी मुद्दे समय रहते सुलझा लिए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की बड़ी जीत का विश्वास व्यक्त किया। इस दौरान, चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए गए अफवाहों को भी नकारा। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं और लगातार जनसभाएं कर रहे हैं।"



 

Tags - Latest jharkhand news Jharkhand News Bihar Chunav news  latest jharkhand News jharkhand News in Hindi Bihar Chunav news updates latest Bihar Chunav news Bihar Chunav updates in hindi latest updates Bihar Chunav latest updates