logo

झारखंड में हार्ट मरीज बच्चों को मिलेगा फ्री ट्रीटमेंट, स्वास्थ्य मंत्री ने की घोषणा

a861.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

झारखंड में दिल की बीमारी से जूझ रहे बच्चों को फ्री ट्रीटमेंट मिलेगा. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने यह जानकारी दी. मंत्री डॉ. अंसारी ने बताया कि झारखंड में आर्थिक रूप से कमजोर तबके के वह बच्चे जिनके दिल में वॉल्व है या जो दिल में सुराख जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, उनको फ्री में इलाज की सुविधा मिलेगी. दरअसल, विभाग के संज्ञान में  ऐसे कई मामले आते हैं जहां पैसों के अभाव में मासूमों की मौत हो जाती है. स्वास्थ्य मंत्री चूंकि पेशे से चिकित्सक भी हैं, इसलिए उन्होंने इस समस्या को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए इसका स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया. 

शुक्रवार को 56 बच्चे सर्जरी के लिए चिन्हित
शुक्रवार को रांची सदर अस्पताल में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में स्टेट लेवल कांफ्रेंस ऑन केयरिंग फॉर चिल्ड्रेन विद हार्ट डिजीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस मौके पर आयोजित विशेष जांच शिविर में केरल के अमृता हॉस्पिटल (कोच्ची) के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने राज्यभर से आए 170 बच्चों की जांच की. 56 बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है. बच्चों की ट्रीटमेंट बिलकुल फ्री होगा. मंत्री इरफानअंसारी ने कहा कि पहले ऐसे बच्चों को इलाज के लिए चेन्नई, चंडीगढ़ या छत्तीसगढ़ जाना पड़ता था, लेकिन हेमंत सरकार का प्रयास है कि सुविधा झारखंड में ही उपलब्ध हो. बच्चों को फ्री इलाज की सुविधा मिले. 

पूरे झारखंड में लगेंगे स्क्रीनिंग कैंप
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी घोषणा की है कि आने वाले दिनों में पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे, ताकि सुदूर ग्रामीण और पिछड़े इलाकों तक पहुंचकर अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को चिन्हित किया जा सके और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके. यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जब एक डॉक्टर नीति-निर्माण की भूमिका में होता है, तो उसके निर्णयों का सीधा लाभ समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पहुंचता है. 
 

Tags - Heart SurgeryJharkhand Free Heart SurgeryJharkhand Free Heart TreatmentFree TreatmentJharkhand HealthIrfan Ansari