logo

झाड़ियों में फुटबॉल ढूंढ़ने गये बच्चे, मिली सड़ी-गली लाश; मुर्दा मैदान इलाके में दहशत

झाड़ियों में फुटबॉल ढूंढ़ने गये बच्चे, मिली सड़ी-गली लाश; मुर्दा मैदान इलाके में दहशत

मानगो/जमशदेपुर:

जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत मुर्दा मैदान में सोमवार शाम झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। शव मिलने की खबर से आसपास के लोग सकते में आ गये। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। शव के कई दिनों पुराने होने की भी आशंका जतायी जा रही है।

नरकंकाल देख उड़ा बच्चों का होश
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर कुछ बच्चे मैदान में फुटबॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद मैदान के किनारे झाड़ियों में चली गई। बच्चे जब गेंद लेने झाड़ियों के बीच पहुंचे तो वहां नर-कंकाल देखकर उनके होश उड़ गए। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास मौजूद लोगों को दी।  कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल आजादनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव वहां कैसे पहुंचा।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा सारा राज
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी केस की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की परिस्थतियों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 
 

Tags - Jharkhand Jamshedpur PoliceHuman SkeletonCrime News