द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 30 जुलाई यानि गुरुवार को दिल्ली से रांची लौटेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री गुरुवार की शाम रांची आएंगे। रांची आने के बाद वह अगले दिन 31 जुलाई को रांची आ रही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हवाई अड्डे पर स्वागत करेंगे। साथ ही सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों के साथ अपने आवास पर बैठक करेंगे। विधानसभा के मानसून सत्र से पहले होनेवाली इस बैठक में सत्ता पक्ष अपनी रणनीति को अंजाम देगा। मालूम हो कि विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष भी सत्ता पक्ष को घेरने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए विपक्ष की भी जल्द बैठक होगी।

इधर आधिकारिक जानकारी के अनुसार गुरुजी के इलाज और सेवा को लेकर दिल्ली में जमें मुख्यमंत्री के इस बार कुछ दिनों तक रांची में रहने की संभावना है। क्योंकि विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री का रांची में रहना आवश्यक माना जाता है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाजरत शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में लगातार उचार-चढ़ाव हो रहा है। सोमवार को उनके स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार देखा गया। चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर गंभीरता से नजर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य में तेजी से सुधार के प्रयास कर रहे हैं। लेकिन बीच बीच में गुरुजी के स्वास्थ्य में गिरावट आ जा रही है।
