logo

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जामताड़ा और नाला में SIR प्रक्रिया का लिया जायजा

CEO.jpg

जामताड़ा:

​मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) झारखण्ड, के. रवि कुमार ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जामताड़ा एवं नाला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्रगति और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 244, 257, 259, 334, 342, 381 और 382 सहित नाला विधानसभा के कई केंद्रों की स्थिति देखी। नाला क्षेत्र में निरीक्षण के समय जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आलोक कुमार (IAS) भी साथ मौजूद रहे।

इस दौरान बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और एईआरओ से मतदाताओं की मैपिंग, सत्यापन, नो-मैपिंग मतदाताओं की स्थिति तथा कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई।

​पारदर्शिता और निष्पक्षता से काम करने का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पूरी निर्भीकता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन कर नाम जोड़ें और किसी भी अपात्र का नाम शामिल न होने दें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सख्त हिदायत दी है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन हो। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। के. रवि कुमार ने विशेष जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों की पूरी सतर्कता से जांच की जाए। सुनिश्चित किया जाए कि एक ही परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज हो।

पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें, जबकि नाम, पता या आयु में सुधार के लिए फॉर्म-8 का उपयोग करने का निर्देश दिया।

24 अगस्त से अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई
सीईओ ने बताया कि अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई 24 अगस्त से शुरू होनी है। इसी के मद्देनजर बीएलओ, ईआरओ और एईआरओ स्तर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। मैपिंग से छूटे मतदाताओं को नियमों के तहत जोड़ने की प्रक्रिया जारी है और सत्यापन पूरा होने पर उनका नाम अंतिम सूची में शामिल किया जाएगा।
 

Tags - Jharkhand NewsJamtara NewsNalaCEOSIR