द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Ranchi News: छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम (Ranchi Municipal Corporation) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के 73 छठ तालाबों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 400 चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। प्रत्येक तालाब पर चार से पांच चेंजिंग रूम बनाने की योजना है। इन्हें डबल लेयर में तैयार किया जाएगा, ताकि व्रतियों को कपड़े बदलने में किसी तरह की परेशानी न हो। जिन तालाबों के सामने ऊंची इमारतें हैं, वहां चेंजिंग रूम की छत को भी ढका जाएगा। नगर निगम तालाबों की स्थिति और आसपास की संरचनाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था कर रहा है।

प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी तालाबों में बैरिकेडिंग
छठ महापर्व से पहले सभी तालाबों की साफ-सफाई कराने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, काली पूजा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी तालाबों में बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बांस-बल्लियों के सहारे सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है। छठ महापर्व (Chhath Mahaparva) के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग को करीब चार फीट ऊंचा करने की तैयारी है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
