पलामू:
छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने रविवार को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देस्य ससे अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने उन इलाकों का भी निरीक्षण किया जहां पहले सड़क हादसे हो चुके हैं। निरीक्षण के दौरान दुर्घटना के संभावित कारणों, सड़क की स्थिति, तीव्र मोड़, अंधे क्षेत्र, अधिक गति वाले स्थानों तथा सड़क पर अनियमित रूप से खड़े वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाले जोखिम का भी अवलोकन किया गया।

वाहन चलाते समय इन मानकों के पालन की अपील
संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को ऐसे स्थलों को चिन्हित कर नियमित वाहन जांच एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने तथा सड़क पर यातायात में बाधा उत्पन्न करते हुए वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
.jpeg)
नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
सड़क के किनारे अथवा मुख्य मार्ग पर बिना उचित संकेत/सुरक्षा व्यवस्था के खड़े वाहनों के कारण दुर्घटना की संभावना को देखते हुए ऐसे वाहनों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों को निर्देशित किया गया है कि वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें तथा मुख्य सड़क, मोड़, पुल, चौराहे अथवा दुर्घटना संभावित स्थानों पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रचलित कानून के तहत चालान, जुर्माना तथा आवश्यकतानुसार वाहन/दस्तावेजों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर अथवा बार-बार उल्लंघन के मामलों में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार ने आमजनों से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और सड़क पर वाहन खड़ा करते समय अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।