logo

18 साल की नौकरी में 4 करोड़ की प्रॉपर्टी, छापे में 76 लाख के गहने मिले; धनकुबेर इंजीनियर की करप्शन कथा

18 साल की नौकरी में 4 करोड़ की प्रॉपर्टी, छापे में 76 लाख के गहने मिले; धनकुबेर इंजीनियर की करप्शन कथा

द फॉलोअप डेस्क
छपरा के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर राजेंद्र कुमार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई यानी SVU ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। SVU की शुरुआती जांच में राजेंद्र कुमार के पास 3 करोड़ 1 लाख रुपये से ज्यादा की कथित गैरकानूनी संपत्ति होने की पुष्टि हुई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, राजेंद्र कुमार ने वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में आने के बाद कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद शुक्रवार को SVU की अलग-अलग टीमों ने राजेंद्र कुमार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। पटना, छपरा और गोपालगंज में उनके ठिकानों के अलावा मुंबई के गोरेगांव स्थित उनकी बहन के फ्लैट में भी तलाशी ली गई।

मां-बहन और बहनोई के खातों के इस्तेमाल का आरोप
जांच के दौरान SVU को जानकारी मिली है कि अधिकारी ने कथित तौर पर अपनी संपत्ति और काले धन को छिपाने के लिए अपनी मां, बहन और बहनोई के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसी के अनुसार, इसी रकम से पटना, बिक्रम, नवादा और मुंबई में कई अचल संपत्तियां खरीदी गईं। तलाशी के दौरान राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी कंचन कुमारी और मां सुनैना देवी के नाम दर्ज कई प्लॉट और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। इनमें मुंबई के पनवेल में करीब 75 डिस्मिल जमीन भी शामिल है, जिसे करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपये में खरीदा गया था। इसके अलावा मुंबई के नेरूल में करीब 38 लाख रुपये के फ्लैट और नवादा में करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े दस्तावेज भी SVU को मिले हैं। पटना के बेउर में दो मंजिला मकान और सोनपुर में करीब 18 लाख रुपये के प्लॉट के कागजात भी जांच के दौरान सामने आए हैं।

नकदी, लाखों के जेवर और कई बैंक खातों की जांच
SVU की कार्रवाई के दौरान अधिकारी के ठिकानों से 1 लाख 96 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही करीब 76 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं। तलाशी टीम को महंगी गाड़ियों और दूसरे कीमती सामानों की खरीद से जुड़े कई वाउचर भी मिले हैं। जांच टीम को भारतीय स्टेट बैंक समेत अलग-अलग बैंकों में राजेंद्र कुमार और उनके परिवार के नाम से आधा दर्जन से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन खातों और उनसे जुड़े लेनदेन की भी जांच की जा रही है। 

Tags - Rajendra Kumar SVU Bihar News Corruption Case Disproportionate Assets