द फॉलोअप डेस्क, बोकारो
जिला प्रशासन ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार शाम राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की वीडियो संवाद के माध्यम से आयोजित बैठक के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सिंह के साथ जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की।

दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई - DC
बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के वल्नरेबल प्वाइंट्स को चिह्नित कर वहां चेकनाका स्थापित करने और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया।
अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए डिस्ट्रिक्ट लेवल टास्क फोर्स सेल गठित करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा प्राप्त शिकायतों पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

सभी पदाधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन जिला स्तर पर समर्पित किया जाए। वहीं, जब्ती की कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों का पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे और अभिलेखों का समुचित संधारण हो सके।
बैठक में एनजीटी द्वारा निर्धारित रोक अवधि के दौरान बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी रखने और जिले में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश सुनिश्चित करने को कहा।