द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी इलाके में चतरा-डोभी मुख्य सड़क किनारे एक शिक्षक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान घंघरी निवासी महाबीर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है। वह प्रतापपुर स्थित राजकीय प्लस-टू उच्च संपोषित विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मुकेश यादव की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।

हत्या की आशंका पर सड़क जाम, कार्रवाई की मांग
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घंघरी के पास चतरा-डोभी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण चतरा से गया समेत अन्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों से वार्ता कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।