logo

चतरा में गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के दो गुर्गे गिरफ्तार, 1 करोड़ की फिरौती और लेवी नेटवर्क से जुड़े थे तार

WhatsApp_Image_2026-07-12_at_1_44_12_PM.jpeg

चतरा
चतरा पुलिस ने एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ हैदर अली के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से मोबाइल फोन और लेवी की रकम के लेन-देन से जुड़े ट्रांजेक्शन के साक्ष्य बरामद किए हैं। SP अनिमेष कुमार नैथानी ने प्रेसवार्ता में बताया कि दोनों आरोपी प्रिंस खान के लिए लेवी की राशि पहुंचाने और उसके आपराधिक नेटवर्क को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
फिरौती की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
SP ने बताया कि हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी प्रेमचंद सिंह ने प्रिंस खान के खिलाफ एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर हंटरगंज थाना कांड संख्या 206/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 
पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
जांच के दौरान रेकी करने और फायरिंग की घटना में शामिल अमन खान पिता नेहाल खान ग्राम और थाना लोहसिंघना (जिला हजारीबाग) से गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा, पुलिस उसके सहयोगियों मुर्तजा अंसारी, मोहम्मद नाजिम और कृष कुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। SP के निर्देश पर SDPO सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी अभियान के दौरान अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी प्रिंस खान के लिए लेवी की रकम एकत्र कर उसे पहुंचाने और उसके आपराधिक नेटवर्क के संचालन में शामिल थे। 
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में SDPO सन्नी वर्धन, चतरा थाना प्रभारी विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी तथा पुलिस पदाधिकारी नितेश कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।

Tags - Chatra Prince Khan Jharkhand Crime Extortion Chatra Police