logo

पिकनिक मनाने गए 3 दोस्त नदी में बह गए, 2 बच्चों की शव मिला; तीसरा लापता

जीगलमा2.jpg

द फॉलोअप डेस्क:
चतरा जिले में शुक्रवार को पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर (तड़गू) नदी में नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा अभी भी लापता है। मृतकों की पहचान अंश प्रकाश (15) और प्रिंस कुमार (14) के रूप में हुई है। वहीं, लापता तीसरे बच्चे की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घूरनाडीह गांव के पास नदी किनारे गए थे

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह तीनों दोस्त घूरनाडीह गांव स्थित नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। वहां उन्होंने पास्ता बनाया और खाना खाने के बाद नहाने के लिए नदी में उतर गए। नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसी बीच ग्रामीणों ने नदी में एक बच्चे का शव उपलाता हुआ देखा और तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एक और बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला।


मौके से मिले साइकिल, चप्पल और बैग
घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीणों को दो साइकिल, 3 जोड़ी चप्पल, 2 बैग और कुछ अन्य सामान मिले हैं। 3 जोड़ी चप्पल मिलने के कारण तीसरे बच्चे के भी नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस इस संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि कहीं तीसरा बच्चा डरकर किसी दूसरी जगह तो नहीं चला गया। लापता बच्चे की तलाश के लिए नदी और आसपास के इलाकों में सघन अभियान चलाया जा रहा है।


पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए दोनों शव
सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों बच्चे वहां कैसे पहुंचे और उनके साथ हादसा किस तरह हुआ। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। तीसरे बच्चे के मिलने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। घटना के बाद दोनों मृत बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Tags - Chatra News Jharkhand News Chatra River Accident River Drowning Picnic Accident