चतरा
चतरा जिले से एक एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मां के प्रेम संबंध से नाराज एक कलयुगी बेटे ने अपने ही दोस्तों के साथ मिलकर मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। लावालांग थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव के इस मामले में, आरोपियों ने युवक को बस से अगवा कर मौत के घाट उतारा और सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल में दफना दिया। करीब एक महीने बाद, जब पुलिस ने गुमशुदगी के मामले की कड़ाई से जांच की, तो इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ। 
मां के प्रेम संबंध से नाराज था बेटा
जानकारी के मुताबिक, पूरे मामले की जड़ में प्रेम संबंध था। मुख्य आरोपी राकेश मुंडा अपनी मां के गुड्डू मुंडा (मृतक) नामक व्यक्ति के साथ कथित प्रेम संबंधों से बेहद नाराज था। मान-मर्यादा और पारिवारिक कलह से तंग आकर राकेश ने अपने मां के प्रेमी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली। इस साजिश में उसने अपने तीन दोस्तों को भी शामिल किया।
चलती बस से अपहरण और हत्या, पिता की शिकायत से खुला राज
30 मार्च को राकेश और उसके तीन दोस्तों ने मिलकर एक साजिश बनाई। फिर तीनों माधनिया घाटी के पास पहले से ही घात लगाकर बैठ थे। जैसे ही गुड्डू मुंडा बस से वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे चलती बस से जबरन नीचे खींच लिया। इसके बाद चारों उसे घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गए, जहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने जंगल में ही एक गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। गुड्डू मुंडा के अचानक गायब होने के बाद उसके पिता ने पुलिस में अपने बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब इस गुमशुदगी के मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियां मुख्य आरोपी राकेश मुंडा से जुड़ती चली गईं।
पुलिस की सख्ती के आगे टूटे आरोपी
SDPO सिमरिया नगरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में जब पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपियों का झूठ ज्यादा टिक नहीं सका। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल के अंदर गड्ढे से करीब एक महीने पुराना शव बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारियों में जुटी है।