द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले में 12 साल की एक किशोरी के अचानक लापता होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामला पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा बसंत विहार कॉलोनी के पीछे स्थित खटाल कॉलोनी का है, जहां से रितिका कुमारी के गायब होने की सूचना के बाद परिजन और स्थानीय लोग चिंतित हो उठे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पिपरवार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका भी जताई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉलोनी और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
.jpeg)
कई घंटों की तलाश के बाद पुलिस को सफलता मिली। लापता बच्ची अपने ही रिश्तेदार के घर में पलंग के नीचे छिपी हुई पाई गई। पूछताछ में रितिका ने बताया कि वह परीक्षा के डर से घर से निकल गई थी। परीक्षा के समय इधर-उधर भटकने के बाद घबराहट में वह अपने फूफा के घर पहुंची और वहीं छिप गई।

बालिका की सकुशल बरामदगी के बाद परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ खुलकर संवाद करें और परीक्षा को लेकर अनावश्यक दबाव न बनाएं, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। कुछ घंटों तक क्षेत्र में दहशत का माहौल जरूर रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझ गया।