चतरा:
अब तक आप सुनते आये होंगे कि सांप ने किसी को काट लिया। लेकिन क्या कभी ऐसा सुना है कि कोई व्यक्ति सांप को ही निगल गया। नहीं न... तो अब पढ़िए... चतरा में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दो जिंदा सांप को निगल लिया। इतना ही नहीं, उसने तीसरे सांप को भी खाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उसे रोक लिया। मामला चतरा जिले के कुन्दा प्रखंड मुख्यालय के बरवाडीह गांव का है।

दोनों सांपों को खाने के बाद फिर से शराब पी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को बुधन भारती नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान एक सांप ने उसे डंसने की कोशिश की। नशे में धुत बुधन ने सांप को पकड़ लिया और उसे चबा डाला। उसके बाद उसकी नजर दूसरी सांप पर पड़ी। उसने उसे भी पकड़कर चबा डाला। इस दौरान उसके साथियों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। दोनों सांपों को खाने के बाद उसने फिर से शराब पी। उसके बाद फिर उसकी नजर तीसरी सांप पर पड़ी। बुधन उसे भी पकड़कर खाने ही वाला था, कि मौके पर उसके परिवार वालों ने पहुंचकर रोक लिया।

विष का असर नहीं मिला
उसके बाद परिजन तत्परता दिखाते हुए बुधन के साथ सांप को भी अस्पताल ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों से परिजनों ने सारी घटनाक्रम को बताया, जिसे सुनकर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव ने बताया कि उनके कार्यकाल में ऐसा मामला पहली बार आया है। डॉक्टरों के मुताबिक, जांच के दौरान व्यक्ति के शरीर में किसी भी प्रकार के विष का असर नहीं मिला है। फिलहाल उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है।