बोकारो:
बोकारो के चास थाना की प्रभारी सुषमा कुमारी का गाली वाला ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर एसपी हरविंदर सिंह ने कड़ा एक्शन लिया है। सुषमा कुमारी को पुलिस केंद्र, बोकारो में ट्रांसफर कर दिया गया है। अगले आदेश तक वह यहीं रहेंगी। दरअसल, वायरल ऑडियो में चास थाना प्रभारी कथित तौर पर अजय नाम के शख्स से अमर्यादित भाषा में बातचीत करती सुनाई दे रही हैं। मामले ने काफी तूल पकड़ लिया है और थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी थी। द फॉलोअप वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बोकारो पुलिस केंद्र में किया पदस्थापित
बोकारो एसपी कार्यालय से दी गई जानकारी में कहा गया है कि 13 अप्रैल को सोशल मीडिया में ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें चास थाना प्रभारी द्वारा अजय नामक व्यक्ति के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। इस केस में एसडीपीओ चास को जांच करके रिपोर्ट देने को कहा गया है। जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि वायरल ऑडियो में थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने ही एक पुरुष के साथ अमर्यादित भाषा में बातचीत की है। इस केस में थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक बोकारो पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया जाता है।

विवादों में घिरी है बोकारो पुलिस
बोकारो पुलिस लगातार विवादों में है। पहले पुष्पा कुमारी हत्याकांड को लेकर पिंडराजोरा थाना के सभी 28 पुलिसकर्मियों को जांच में लापरवाही बरतने, हत्यारोपी की सहायता करने और उसके साथ पार्टी करने के आरोप में निलंबित किया गया। अब चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी का एक युवक को अपशब्द कहते हुए वीडियो वायरल हो गया। इस बीच पुलिस एसोसिएशन एसपी पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगा रहा है।