रांची
रांची जिले के चान्हो प्रखंड स्थित बलसोकरा गांव के निवासी 42 वर्षीय शाहिद अंजुम की सऊदी अरब में हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह पिछले 10 वर्षों से सऊदी अरब के जुबैल शहर में काम कर रहे थे और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गए थे।
परिजनों के अनुसार, शाहिद अंजुम के छोटे भाई राशिद इकबाल को 29 जुलाई की रात भाई की मौत की सूचना मिली। इस दुखद खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

सरकार से शव लाने की अपील
शाहिद के परिजनों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विशेष अनुरोध किया है कि वे शव को स्वदेश लाने में मदद करें, ताकि अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जा सके। साथ ही सांसद, विधायक और केंद्र सरकार से भी सहयोग की अपील की गई है। परिवार ने विदेश मंत्रालय, विदेश मंत्री और भारतीय दूतावास से भी अनुरोध किया है कि मानवीय आधार पर जल्द से जल्द शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। परिजनों का कहना है कि बिना सरकारी मदद के शव की वापसी संभव नहीं है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शाहिद अंजुम की मौत से गांव में शोक की लहर है। माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जो अब पिता की छाया के बिना जीवन बिताने को मजबूर होंगे। परिवार का कहना है कि शाहिद केवल अपने बच्चों और मां-पिता के बेहतर भविष्य के लिए विदेश गए थे। अब उनकी असमय मौत से पूरा परिवार टूट गया है और सरकार से हरसंभव मदद की उम्मीद कर रहा है।
