द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के आद्रा रेल मंडल अंतर्गत चांडिल रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 39 वर्षीय पम्मी तिवारी के रूप में हुई है। वह रेलवे कर्मचारी अनंत तिवारी की पत्नी थीं, जो पितकी फाटक पर गेटमैन के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

सहेली से मिलकर लौट रही थीं घर
परिजनों के अनुसार पम्मी तिवारी बुधवार शाम रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित कॉलोनी में अपनी सहेली से मिलने गई थीं। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों में अमरनाथ यात्रा पर जाने वाली थीं और इसी सिलसिले में मिलने गई थीं। देर रात घर लौटने के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चांडिल जीआरपी ने बताया कि घटना रात करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच की है। प्रारंभिक आशंका है कि ट्रैक पार करते समय अज्ञात ट्रेन की टक्कर लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हुईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया
स्थानीय लोगों की सूचना पर रेलवे पुलिस (जीआरपी/आरपीएफ) ने रात में ही शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। गुरुवार सुबह कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे दो नाबालिग पुत्रों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रेलवे कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है।