logo

चांडिल गोलचक्कर के पास धंसा पहाड़, NH-33 पर मलबा गिरने से आवागमन बाधित

WhatsApp_Image_2026-08-18_at_4_16_21_PM.jpeg

सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को चांडिल गोलचक्कर के समीप एनएच-33 पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान काटे गए पहाड़ का एक हिस्सा अचानक धंस गया। पहाड़ से बड़ी मात्रा में मिट्टी और पत्थर का मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मानीकुई-चांडिल मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हो गया। अंदेशा लगाया जा रहा है कि पिछले चार दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण पहाड़ की मिट्टी पूरी तरह से कमजोर हो गई थी। जिस कारण से  अचानक मिट्टी खिसकने लगी और देखते ही देखते पहाड़ का एक हिस्सा सड़क की ओर आ गिरा।
बाल-बाल बचा बड़ा हादसा
घटना के समय सड़क से किसी बड़े वाहन या बाइक के नहीं गुजरने के कारण बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि मलबा गिरने के समय कोई वाहन वहां से गुजर रहा होता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने पहाड़ काटने के बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ को काट दिया गया, लेकिन बारिश के मौसम में मिट्टी और चट्टानों को रोकने के लिए मजबूत गार्डवॉल नहीं बनाई गई। इसके कारण लगातार बारिश के बाद पहाड़ का हिस्सा धंस गया।अभी भी देखने पर पहाड़ का और भी हिस्सा गिरने से इनकार नहीं किया जा सजा है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके।
बारिश को देखते हुए बढ़ी चिंता
मौसम में अभी भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए पहाड़ के आसपास रहने वाले लोगों और वाहन चालकों में चिंता बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एनएच-33 पर सफर के दौरान विशेष सावधानी बरतें और पहाड़ के कटाव वाले हिस्से के पास वाहन रोककर खड़े न हों। एनएचएआई की ओर से बताया गया कि बारिश थमने के बाद प्रभावित हिस्से का स्थायी समाधान किया जाएगा। पहाड़ के कटाव वाले हिस्से की सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्माण कार्य और सुरक्षा दीवार बनाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Chandil News Saraikela-Kharsawan NH-33 Landslide Jharkhand Weather