logo

सरायकेला : चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों ने बुजुर्ग को कुचलकर मारा

banw.jpg

जमशेदपुर
सरायकेला जिले के चांडिल के वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना शनिवार सुबह कुकडू प्रखंड की तिरुलडीह पंचायत अंतर्गत सापारुम गांव में हुई, जहां हाथियों के झुंड ने एक बुजुर्ग को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय राधा तांती के रूप में हुई है, जो तांती टोला के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, वह रोज की तरह सुबह शौच के लिए गांव के पास जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना करीब छह हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड इलाके में सक्रिय है और कई गांवों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। कई बार सूचना देने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका नतीजा यह दुखद घटना है।


50 हजार की सहायता राशि दी गई
वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है और शेष मुआवजा जल्द देने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, ग्रामीण इस सहायता से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि हाथियों को क्षेत्र से हटाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

 

Tags - elephant attack jharkhand chandil forest department wildlife conflict rural news india news