logo

जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या, दोस्तों संग खाना खाते वक्त गोलियों से भूना

nikhar.jpg

जमशेदपुर:

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में आसनबनी स्थित 10th माइल स्टोन होटल के बाहर बाइक सवार अपराधियों ने कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक (33) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक किसी काम से कांदरबेड़ा स्थित 10th माइल स्टोन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने निखार सबलोक को 4 गोलियां मारीं। इनमें एक गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनकर होटल में मौजूद लोग और उनके साथियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की मदद से घायल कारोबारी को इलाज के लिए जमशेदपुर के TMH ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मौके से खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए हैं। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए होटल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या में शामिल अपराधियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


रंगदारी विवाद का एंगल
निखार सबलोक होटल समेत अन्य कारोबार से जुड़े व्यवसाय करते थे। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों के मकसद का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में रंगदारी विवाद का एंगल भी सामने आया है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या है और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Tags - Chandil Nikhar Sablok Murder Firing 10th Mile Stone Hotel Asanbani