logo

सड़क हादसे में अनाथ हुए तीन बच्चों से मिले विधायक उमाकांत रजक और DC-SP, हरसंभव मदद का भरोसा

LOOP.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चंदनकियारी प्रखंड के दुबेकांटा के पास बीते दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक दंपत्ति की मौत के बाद उनके तीन छोटे बच्चों के सामने जीवन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। माता-पिता के असमय निधन से पल्लवी, विमल मांझी और विधुत मांझी बेसहारा हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को विधायक उमाकांत रजक, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत कई अधिकारी बच्चों के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। अधिकारियों ने बच्चों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने बीडीओ और पंचायत सेवक को निर्देश दिया कि बच्चों को भोजन और अन्य मूलभूत जरूरतों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों के माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।


काउंसलिंग, पढ़ाई और सुरक्षा के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि किसी गैर सरकारी संस्था को चिन्हित कर बच्चों की काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल और समग्र कल्याण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा जवाहर नवोदय तेनुघाट एवं नावाडीह स्थित आवासीय विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही बच्चों के बैंक खाते खोलकर मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि को उनके भविष्य के लिए सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर फिक्स डिपॉजिट कराने की दिशा में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


आवास योजना से घर दिलाने की तैयारी
प्रशासन ने बच्चों के लिए आवास की व्यवस्था को लेकर भी पहल शुरू कर दी है। उपायुक्त ने बीडीओ को अबुआ आवास या प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर स्वीकृत कराने के लिए जिला स्तर पर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि राज्य सरकार ऐसे मामलों को लेकर बेहद संवेदनशील है और विभिन्न प्रावधानों के तहत बच्चों को अधिकतम सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान विधायक चंदनकियारी और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का भी निरीक्षण किया।

 

Tags - BokaroNews Chandankiyari RoadAccident JharkhandNews ChildWelfare