द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली से रांची आने की संभावना बढ़ गयी है। मुख्यमंत्री आठ जुलाई या फिर नौ जुलाई की दोपहर रांची आ सकते हैं। मालूम हो कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पिता शिबू सोरेन के इलाज को लेकर 24 जून से दिल्ली में हैं। दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाजरत गुरुजी के स्वास्थ्य में अब हल्का सुधार है। इसके अलावा 10 जुलाई को रांची में होनेवाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर मुख्यमंत्री के रांची आने की संभावना बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई को होटल रेडिशन ब्लू में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक होनेवाली है। झारखंड इस बैठक का होस्ट है। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और बिहार के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि अब तक की सूचना के अनुसार बिहार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आने की संभावना है।

आधिकारिक सूचना के अनुसार अमित शाह के रांची दौरे का अंतिम कार्यक्रम अभी तक केंद्रीय मंत्रालय द्वारा झारखंड सरकार को उपलब्ध नहीं कराया गया है। लेकिन उम्मीद है कि पिछली बार की तरह अमित शाह नौ जुलाई को ही रांची आ जाएंगे। उस दिन वह प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं के साथ सरकार और संगठन के मुद्दे पर बातचीत करेंगे। पार्टी नेताओं से झारखंड के बारे में फीड बैक लेंगे। इधर पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर गृह विभाग अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में लगा है। रांची जिला प्रशासन भी अपनी तैयारी में जी-जान से जुटा है। उल्लेखनीय है कि उत्पाद सचिव अमिताभ कौशल को पूरे कार्यक्रम का नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
