सरायकेला
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह में स्वर्णरेखा नदी पर बनने वाले नए पुल का शिलान्यास किया। यह पुल बुरुडीह को कान्दरबेड़ा से जोड़ेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए चांडिल और जमशेदपुर (NH-33) का सफर घंटों की बजाय मिनटों में सिमट जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं और विशेषकर छात्राओं को बड़ी सौगात देते हुए पूर्व सीएम ने इलाके में एक नए डिग्री कॉलेज के जल्द निर्माण की भी घोषणा की। 
युवाओं की सुविधा के लिए खुलेगा नया डिग्री कॉलेज
उन्होंने बताया कि युवाओं की सुविधा के लिए इस क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज को स्वीकृति दी गई है, जिसका निर्माण शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इस डिग्री कॉलेज के बन जाने के बाद विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा ग्रहण करना काफी आसान हो जाएगा।
चम्पाई सोरेन के कार्यकाल में मिली थी इन विकास योजनाओं को मंजूरी
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री पद पर रहने के दौरान चम्पाई सोरेन ने इस पुल तथा ऐसी अनगिनत सड़कों एवं विकास योजनाओं को स्वीकृति दी थी। उन योजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र का कायाकल्प हो जायेगा। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, रामदास टुडू, बबलू नाथ सोरेन, गुरुप्रसाद महतो, वृहस्पति मंडल, रघुनाथ मंडल, डॉक्टर मुर्मू, भीम हांसदा, पवित्र मंडल, राम हांसदा, मनसा मुर्मू, रतन सोरेन तथा सैकड़ों ग्रामीण एवं आम लोग मौजूद थे।