रांची :
चैंबर की उप समितियों से परस्पर जुड़ाव हो इसके लिए अब हर सप्ताह बैठक की जाएगी। ये बैठक संबंधित उप समिति के कार्यालय में होगी। दरअसल गु रुवार को चैंबर भवन में बैक टू बैक विभिन्न उप समिति की बैठकों का आयोजन किया गया। को-ऑर्डिनेशन विद एफिलियेटेड बॉडीज उप समिति की संपन्न बैठक में फेडरेशन चैंबर से जुडे सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों का संपर्क सूत्र अपडेट करने और प्रत्येक संस्थाओं के एक प्रतिनिधि को उप समिति में शामिल करने का निर्णय लिया गया। बैठक में उप समिति चेयरमेन प्रमोद श्रीवास्तव ने कहा कि संस्थाओं का चैंबर से परस्पर जुडाव हो सके, इसके लिए प्रत्येक शनिवार को किसी एक संस्था के कार्यालय में झारखंड चैंबर की बैठक होगी। उनके सदस्यों की समस्या के समाधान पर कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक की शुरूआत झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ के साथ होगी। बैठक के दौरान अन्य कई नये संस्थाओं को भी फेडरेशन से जोडने का निर्णय लिया गया।

पौधरोपण को लेकर रणनीतियों पर हुई चर्चा
स्वच्छ भारत व पौधरोपण उप समिति की संपन्न बैठक में पर्यावरण प्रदूषण की बढती समस्या पर चिंता जताते हुए अधिकाधिक संख्या में पौधरोपण करने के लिए लोगों को प्रेरित करने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। शशांक भारद्वाज के नेतृत्व में गठित प्रशासनिक सुधार उप समिति की बैठक में विभिन्न कानूनी जटिलताओं के सरलीकरण पर चर्चा की गई। मापतौल उपकरण के सत्यापन की बाध्यता समाप्त कर स्व प्रमाणीकरण का विकल्प उपलब्ध कराने, पुलिस सुधार पर व्यापक कार्य अनुपालन करने, ऑनलाइन प्रक्रियाओं में मानवीय हस्तक्षेप यथासंभव समाप्त हो, सेवा के अधिकार अधिनियम का कडाई से अनुपालन करने, विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक प्रक्रियाओं के अनुपालन में यथासंभव अनिवार्यता के स्थान पर किसी अनियमितता की शिकायत पर ही निरीक्षण की व्यवस्था करने की आवश्यकता महसूस की गई। बैठक में उपाध्यक्ष अमित शर्मा, सह सचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, कार्यकारिणी सदस्य परेश गट्टानी, उप समिति चेयरमेन प्रमोद श्रीवास्तव, किशन अग्रवाल, सदस्य अमित किशोर, विवेक अग्रवाल, सीएस बिनोद बक्सी, मनोज मिश्रा, आस्था किरण, अजय कुमार, मृणाल मिश्रा, राजीव चौधरी, प्रणय कुमार, शैलेंद्र सुमन, आनंद जालान आदि उपस्थित थे।
