logo

नितिन गडकरी से चैंबर ने किया अनुरोध, राजमार्गों पर बसों के टोल टैक्स में दें राहत

1438.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। रांची के विधानसभा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के उपरांत चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। सड़क परियोजनाओं के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, राजमार्गों पर बसों के टोल टैक्स में राहत देने का भी आग्रह किया गया। चैंबर ने गडकरी को बताया कि विभिन्न मार्गों में परिचालित हो रही बसों से प्राप्त की जानेवाली टोल टैक्स की राशि काफी अधिक है। जिसकी समीक्षा आवश्यक है। उन्हें बताया गया कि रांची-टाटा 525 रुपए, रांची-धनबाद 650 रुपए, रांची-धनबाद-कोलकाता 2200 रुपए प्रतिदिन (यह राशि केवल एक तरफ से है) का भुगतान करना पड़ता है। जो खर्च बस मालिकों के लिए असहनीय है।

स्टैंड टैक्स में हजारों रुपए करना पड़ता है भुगतान
चैंबर ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राजमार्गों के टैक्स के अलावा बस मालिकों को प्रत्येक बस स्टैंड में स्टैंड टैक्स के रूप में हजारों रुपए प्रतिदिन भुगतान के साथ ही रोड टैक्स, एडीशनल टैक्स मिलाकर भी काफी आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। जिसके कारण झारखंड में बस व्यवसाय की स्थिति दयनीय है। चैंबर की ओर से केंद्रीय मंत्री को सुझाया गया कि टोल टैक्स गेट में नियमित रूप से पास करने वाली बसों को दैनिक टोल की राशि में 50 प्रतिशत की छूट एवं मासिक टोल टैक्स का एक साथ भुगतान करने पर 70 प्रतिशत की छूट देने पर विचार किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने चैंबर के आग्रह पर उचित विचार के लिए आश्वस्त किया। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, कोकर इंडस्ट्रीज एसेासियेशन से सुरेश अग्रवाल, सदस्य जेपी शर्मा, प्रदीप जैन शामिल थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT