द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मुंबई–शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई। बंद टॉयलेट के अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही RPF, GRP और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12151 के स्लीपर कोच एस-7 में स्थित टॉयलेट का दरवाजा काफी देर तक बंद था। टॉयलेट का इस्तेमाल करने के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद यात्रियों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक व्यक्ति दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका होने पर यात्रियों ने ट्रेन में मौजूद टीटीई को इसकी सूचना दी। टीटीई से जानकारी मिलने के बाद रेल मंडल के कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया।

चक्रधरपुर स्टेशन पर खोला गया दरवाजा
ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। स्टेशन मास्टर और अन्य रेलकर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर रखा गया। रेलवे अस्पताल से पहुंचीं चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

मृतक की पहचान करने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यात्री अकेले सफर कर रहा था। वह किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और उसे कहां जाना था, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। बंद टॉयलेट में शव मिलने की घटना से ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यात्री की मौत आत्महत्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी। मौत की वास्तविक वजह का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।