जमशेदपुर
जमशेदपुर शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ दिन पहले जिस सिदगोड़ा सूर्य मंदिर इलाके में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक चेन स्नैचर को हॉफ एनकाउंटर कर पकड़ा था, उसी इलाके में रविवार सुबह फिर एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना घटी। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रीना मिश्रा सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। इसी दौरान सूर्य मंदिर के पास स्कूटी सवार एक बदमाश पीछे से पहुंचा। महिला के मुताबिक, आरोपी ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर उनके गले से चेन झपटकर फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं। घटना के बाद रीना मिश्रा ने सिदगोड़ा थाना में अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।
.jpg)
25 से अधिक महिलाओं से चेन स्नैचिंग
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। शहर में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं ने लोगों, खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो महीनों में शहर में 25 से अधिक महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गौरतलब है कि हाल ही में टेल्को क्षेत्र में एक महिला से स्नैचिंग के बाद भाग रहे बदमाशों का पुलिस से सामना हुआ था। इसके बाद सिदगोड़ा सूर्य मंदिर इलाके में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो स्नैचरों को पकड़ा था, जिनमें एक घायल भी हुआ था। इसके बावजूद शहर में झपटमारी की घटनाएं जारी रहना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
.jpg)