चाईबासा
चाईबासा के पोस्ट ऑफिस चौक पर बुधवार को वाहन जांच अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब हेलमेट नहीं पहनने पर रोके गए एक युवक ने पुलिस और परिवहन विभाग की टीम के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) की सतर्कता से समय रहते उसे काबू कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, पोस्ट ऑफिस चौक पर वाहन जांच के दौरान बुलेट सवार मनीष पूर्ति को हेलमेट नहीं पहनने पर जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार की टीम ने रोका। पूछताछ के दौरान मनीष अचानक आक्रोशित हो गया और बोतल में रखा पेट्रोल अपने शरीर पर उड़ेल लिया। इसके बाद उसने लाइटर से खुद को आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सड़क सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तत्काल उसे पकड़कर काबू कर लिया। 
अल्कोहल टेस्ट में नशे की पुष्टि, पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद मनीष को सदर थाना ले जाया गया, जहां उसका अल्कोहल टेस्ट कराया गया। जांच में उसके नशे की हालत में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। जिला परिवहन विभाग ने उसके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के कारण कुछ देर तक पोस्ट ऑफिस चौक पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में जिला परिवहन पदाधिकारी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 25 वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलाकर छोड़ दिया।