logo

चेकडैम में नहाने गया युवक तेज बहाव में बहा, NDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

वोपो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चाईबासा के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांजन और छोटाकांकी सीमा पर स्थित चेकडैम में एक हादसा हुआ है। चेकडैम में नहाने उतरा युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया है।  लापता युवक की पहचान प्रद्युम्न प्रधान के रूप में हुई है। प्रद्युम्न रोजाना की तरह स्कूली बच्चों को उनके गंतव्य तक पहुंचाकर वापस लौटा था। दोपहर के वक्त वह अपने दो अन्य साथियों के साथ नहाने के लिए रांजन-छोटाकांकी चेकडैम पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक पानी में उतरे ही थे कि ऊपरी क्षेत्र से अचानक पानी का दबाव बढ़ गया और जलस्तर तेजी से ऊपर उठने लगा। तेज बहाव और भंवर की वजह से प्रद्युम्न अपना संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। उसके साथ नहा रहे दोनों साथी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।


ग्रामीणों ने की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण चेकडैम पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर जाल और रस्सियों की मदद से नदी के बहाव वाले इलाके में प्रद्युम्न की तलाश शुरू की, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलने के बाद राजनगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर तैनात किया गया है।


NDRF ने शुरू किया सघन तलाशी अभियान
NDRF के प्रशिक्षित गोताखोर मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से चेकडैम और उससे जुड़े नदी मार्ग में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रद्युम्न के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासन ने जलस्रोतों में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए ग्रामीणों से चेकडैम, नदी और अन्य जलस्रोतों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।

Tags - Chaibasa Rajnagar Jharkhand News Checkdam Accident Youth Missing Accident News