logo

चाईबासा में अवैध संबंध के शक में भतीजे की हत्या, चाचा और पत्नी पर गला रेतने का आरोप; तालाब में मिला शव

WhatsApp_Image_2026-07-27_at_11_29_52_AM.png

चाईबासा 
चाईबासा जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के कुंदरूगुद्र गांव में महली बंधा तालाब के पास से एक युवक का गला कटा शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि सगे चाचा ने अपनी प्रेमिका यानी भतीजे की पत्नी के साथ मिलकर भतीजे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव के दोनों हाथ रस्सी से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय लक्ष्मण बिरुवा के रूप में हुई है।
एक माह से चल रहा था प्रेम-प्रसंग, भाई ने लगाया आरोप
मृतक के छोटे भाई राकेश बिरुवा ने आरोप लगाया कि लक्ष्मण मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था और उसकी पत्नी घर पर रहती थी। इसी दौरान करीब एक महीने से लक्ष्मण की पत्नी और उसके सगे चाचा गंगाराम बिरुवा के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। राकेश ने बताया कि गंगाराम बिरुवा का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। आरोप है कि गंगाराम ने इससे पहले लक्ष्मण की मां से भी शादी की थी और अब वह अपने भतीजे की पत्नी के साथ अवैध संबंध में था। 
घर से ले जाने के बाद नहीं लौटा लक्ष्मण
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम आरोपी गंगाराम बिरुवा और लक्ष्मण की पत्नी ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद शुक्रवार को गंगाराम और गांव का ही युवक शारदा बिरुवा लक्ष्मण को बाइक से अपने साथ ले गए थे। इसके बाद लक्ष्मण घर वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह गांव के कुछ बच्चे तालाब में नहाने गए थे, जहां उन्होंने पानी में शव देखा। बच्चों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे और गला कटा हुआ था। इसके बाद मृतक की पहचान लक्ष्मण बिरुवा के रूप में हुई।
पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
पुलिस ने इस मामले में गांव के ही शारदा बिरुवा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिलीप सहाय मांझी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Tags - Chaibasa Murder Case Jharkhand Crime West Singhbhum Breaking News