द फॉलोअप डेस्क
चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुलसाई में 48 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के बिरसानगर जोन-3 निवासी संजीव कुमार शर्मा उर्फ सोना के रूप में हुई है। गुरुवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर जमशेदपुर लौट गए।

घूमने निकले थे, अचानक गिरे
परिजनों के अनुसार, संजीव कुमार शर्मा एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे और किसी काम से 11 अगस्त को चाईबासा पहुंचे थे। वह केएनआर नामक रेस्टोरेंट में ठहरे हुए थे। 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वह घूमने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान महुलसाई के पास अचानक चक्कर आने से वह जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय महिला ने उन्हें उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन गुरुवार को चाईबासा पहुंचे और शव की पहचान की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजनों ने बताया कि संजीव को दिल की बीमारी थी और उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि जिस रेस्टोरेंट में संजीव ठहरे थे, वहां उनके साथ एक महिला भी मौजूद थी। हालांकि, महिला के संबंध में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।