चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में मंगलवार को दिनदहाड़े शातिर ठगों ने एक व्यवसायी से 1.65 लाख रुपये से भरा बैग उड़ा लिया। घटना सदर थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित जैन चौक के पास हुई। 
घटना की पूरी जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार, गांधी टोला निवासी व्यवसायी दीपक कुमार साव बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 1.65 लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल के हैंडल में बैग टांगकर जा रहे थे। इसी दौरान ठग गिरोह के एक सदस्य ने "आपका पैसा गिर गया" कहकर उनका ध्यान भटका दिया। जैसे ही व्यवसायी नीचे देखने लगे, दूसरे बदमाश ने होंडा शाइन बाइक से बैग उठाया और फरार हो गया।
सूट-बूट पहनकर ग्राहक बना था बदमाश
पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक सदस्य बैंक के अंदर सूट-बूट पहनकर ग्राहक बनकर पहले से ही लोगों पर नजर रखे हुए था, जबकि उसके अन्य साथी बैंक के बाहर निगरानी कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी हीराल महतो मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। SDPO बहामन टुटी ने बताया कि SI के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।