चाईबासा
शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आनंदपुर के लोवासोकरा गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए तीन युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। शुक्रवार दोपहर मोरंग गांव के समीप बाइक सवार को बचाने के चक्कर में उनकी कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में खूंटी निवासी पवन होरो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
घटना की पुरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वे क्विड कार (संख्या JH 09 AH 6885) से शादी का सामान लेने आनंदपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान मोरंग गांव के पास आगे चल रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकरायी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का दाहिना हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार, खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र स्थित लोंगा गांव निवासी 34 वर्षीय पवन होरो, 23 वर्षीय सुशरण सोय और 24 वर्षीय मार्शल होरो किरीबुरु माइंस में कार्यरत हैं। तीनों युवक आनंदपुर के लोवासोकरा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आये थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पवन होरो को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुशरण सोय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि मार्शल होरो को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। बताया गया है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।