logo

छावनी में तब्दील मुख्यमंत्री आवास, 8 गाड़ियों में पहुंचे CRPF जवान; अंदर पूछताछ जारी

a1122.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

मुख्यमंत्री आवास को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान 8 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हैं। जवान, बस और ट्रकों में सवार होकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सीआरपीएफ के जवान मुख्यमंत्री आवास की चारदीवारी के बाहर कतारबद्ध होकर खड़े हो गए हैं। हथियारों से लैस सीआरपीएफ जवानों की मौजूदगी से वहां गहमागहमी का माहौल है। गौरतलब है कि दोपहर 1 बजे ईडी अधिकारियों के साथ भी सीआरपीएफ और सीआईएसएफ जवान थे। 

मुख्यमंत्री आवास के बाहर गहमागहमी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ को लेकर राजधानी रांची में गहमागहमी जारी है। सत्तापक्ष के कई विधायक भी मुख्यमंत्री आवास में मौजूद हैं। सुबह कैबिनेट के कई मंत्रियों ने जाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। विधायक इरफान अंसारी भी मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भावुक होते नजर आए। झामुमो कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री आवास के बाहर मौजूद हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उनको मुख्यमंत्री आवास के बहुत नजदीक जाने से रोक रखा है। उनसे उग्र नहीं होने की अपील की जा रही है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी है कि यदि कानून को हाथ में लिया तो कड़ी कार्रवाई होगी। 

सीएम आवास के बाहर बढ़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
सीएम आवास के बाहर कार्यकर्ताओं का हुजूम बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता राजधानी रांची पहुंच रहे हैं। उनके पास तख्तियां है जिनमें मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लिखे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हाथ लगाया तो वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री आवास के बाहर राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान भारी संख्या में मौजूद हैं।