रांची
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर देवघर पहुंचे हैं, जहां उनका देवघर एयरपोर्ट पर दोपहर 12:50 बजे आगमन हुआ। दौरे के पहले दिन वे वैद्यनाथ मंदिर में पूजा-दर्शन के बाद नौलखा मंदिर का दौरा करेंगे और शाम को एम्स देवघर का निरीक्षण करेंगे। शाम 6:30 बजे पुनः बाबा वैद्यनाथ के शृंगार दर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दूसरे दिन यानी सोमवार को सुबह 8:15 बजे वे बासुकीनाथ मंदिर में पूजा करेंगे, उसके बाद फॉरेस्ट गेस्ट हाउस, दुमका की यात्रा करेंगे और फिर तपोवन पहाड़ का जायजा लेंगे।
वहीं सुबह 11 बजे मोहनानंद प्लस-2 उच्च विद्यालय, तपोवन में बीएलओ (Booth Level Officer) से मुलाकात करेंगे और दोपहर 12 बजे मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद लगभग 1:20 बजे देवघर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरे के लिये जिला प्रशासन ने सुरक्षा, पहुंच मार्ग और यातायात समेत सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
